कन्नौज में कोतवाली क्षेत्र के अलीनगर गांव में विषाक्त बूंदी का रायता खाने से एक ही परिवार के नौ लोग बीमार हो गए। शनिवार की देर शाम उन्हें तिर्वा के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती किया गया। हालत में सुधार न होने पर रविवार की सुबह उन्हें मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया।
अलीनगर गांव निवासी बलवीर सिंह ने बताया कि उनका पुत्र संजय शुक्रवार की शाम परचून की दुकान से बूंदी लाया था। शनिवार की दोपहर महिलाओं ने बूंदी से रायता बनाया। शाम को भोजन के साथ रायता खाया गया।
इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों की हालत बिगड़नी शुरू हो गई। इसमें संजय सिंह (36), पूनम (35) पत्नी संजय सिंह, बेटी (52) पत्नी बलवीर सिंह, बलवीर सिंह (62), भानू सिंह (10), हर्षित कुमार (13), कन्हैया (7) पुत्रगण संजय सिंह, राजबहादुर (40) व पप्पी (30) की हालत बिगड़ गई। शनिवार की रात आठ बजे के करीब उन्हें तिर्वा के एक निजी चिकित्सालय में लाया गया। रात भर चले उपचार के बाद हालत में सुधार न होने पर सभी को मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है।
इमरजेंसी वार्ड के प्रभारी डा. सादाब ने बताया कि उपचार के बाद सभी की हालत सुधर रही है। हालत सामान्य हो जाने के बाद सोमवार की सुबह छुट्टी दे दी जाएगी। एक ही परिवार के सभी सदस्य विषाक्त भोजन के कारण फूड प्वायजनिंग का शिकार हुए हैं।