कानपुर देहात। एनएचएआई की टीम ने मंगलवार को अकबरपुर में कानपुर की तरफ जाने वाली सर्विस रोड पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सर्विस रोड के बगल में बने नाले के पास लगाए गए बोर्ड व दुकानों को हटाते हुए दोबारा से अतिक्रमण न किए जाने की चेतावनी दी गई।
हाईवे की सर्विस रोड पर अतिक्रमण होने से मार्ग दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम से मिले निर्देश के बाद एनएचएआई की टीम ने जनपद से होकर गुजरने वाले हाईवे की सर्विस रोड पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का काम शुरू किया है। टोल प्रबंधक मनोज शर्मा ने बताया कि सर्विस रोड पर अतिक्रमण कर रखी गई गुमटी व अस्थाई निर्माण से वाहन चालकों को आगे देखने में समस्या होती है। वहीं इससे आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। कहा कि टीम ने अकबरपुर में औरैया से कानपुर की तरफ जाने वाली सर्विस रोड पर हुए अतिक्रमण को हटाया है। बुधवार को कानपुर की तरफ से आने वाली सर्विस रोड के अतिक्रमण को हटाने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा गौरैयापुर, तिवारीपुर सहित अन्य सर्विस रोड पर कई लोगों ने भवन निर्माण सामग्री को जमा कर रखा है। जिसके खिलाफ अभियान चलाते हुए मार्ग को खाली कराया जाएगा।