भाजपा के लोकसभा प्रभारी जेपी नड्डा ने रविवार को कानपुर में पार्टी की चुनावी बैठक में कहा कि लोकसभा का चुनाव अपनी चमड़ी, अपनी दमड़ी से लड़ना है। इसके लिए पार्टी ने आज से 30 मार्च तक निधि समर्पण दिवस का आयोजन किया है। इसके तहत सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को अपनी इच्छानुसार सहयोग राशि पार्टी फंड में जमा कराना है। सांसदों और विधायकों, विधान परिषद सदस्यों को एक महीने का वेतन भत्ता सहित जमा करने को कहा गया है। नड्डा ने कहा कि कोई भी राशि नगद नहीं चेक के माध्यम से ली जाएगी।
कानपुर के किदवई नगर स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में नड्डा ने कहा कि चुनाव का बिगुल बज चुका है। कार्यकर्ताओं को एक बार फिर से केंद्र में भाजपा की सरकार बनानी है। नड्डा ने बताया कि आठ मार्च को हुई प्रधानमंत्री की रैली की चर्चा दिल्ली में आयोजित संसदीय बोर्ड की बैठक में भी मोदी की तरफ से की गई। बताया कि प्रधानमंत्री ने जोश के साथ कहा कि कानपुर के लोगों में काफी उत्साह है, इससे साफ है कि यूपी में इस बार भी अच्छे रिजल्ट आएंगे।
नड्डा ने पार्टी के सांसदों, विधायकों तथा लोकसभा चुनाव प्रभारी व संयोजकों एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों से अलग-अलग बैठक कर हाल जाना। नड्डा ने बताया कि शीघ्र ही पार्टी युवा, महिला, पिछड़ा, किसान, अनुसूचित जातियों के अलग-अलग सम्मेलन करेगी। कार्यक्र म में क्षेत्रीय प्रभारी अशोक कटारिया, अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, मुखलाल पाल, मोहित पांडेय, प्रमोद बॉर्डर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
इन लोगों ने दी सहयोग राशि
केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, नीलिमा कटियार, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, मुकेश राजपूत, अशोक दोहरे, प्रदेश मंत्री देवेश कोरी, अरुण पाठक, डॉ बीना आर्या, कृष्ण मुरारी शुक्ला, आनंद राजपाल, अविनाश चौहान, राम लखन रावत, नरेंद्र तिवारी, अनीता गुप्ता, सुरेंद्र मैथानी, सुशील कटियार, राहुल अग्निहोत्री, सुरेश अवस्थी, रघुनंदन सिंह भदौरिया, विक्त्रस्म सिंह, निर्मला संखवार, विनोद कटियार। जो लोग बैठक में नहीं थे, वे भी जल्द पार्टी कार्यालय पहुंचकर सहयोग राशि जमा करेंगे।