संयुक्त अरब अमीरत (यूएई) में एशिया कप में बुधवार को खेले जाने वाले भारत-पाक मैच को लेकर यूपी के कानपुर शहर में खास उत्सुक्ता देखने को मिल रही है। इस रोमांचक मौके के लिए शहर के कई रेस्त्रां ने खास तैयारी की है। कई रेस्त्रां ने स्पेशल स्क्रीन का इंतजाम किया है तो कई ने हैट्रिक, सेंचुरी और टीम इंडिया की जीत पर फ्री ड्रिंक देने की तैयारी की है। वहीं, कई रेस्त्रां स्पेशल डिस्काउंट देने का ऐलान कर चुके हैं। इस खास मुकाबले के लिए रेस्त्रां में तिरंगा थीम पर सजावट भी हो रही है। कई जगह स्पेशल मैन्यू कार्ड बनवाए गए हैं।
मेन्यू कार्ड का कवर बदला
स्वरूप नगर स्थित बैरक्स रेस्त्रां को तीन रंगों से सजाया गया है। इसके अलावा पूरे रेस्त्रां में भारत-पाक मैच के कार्डस लगाए गए हैं। मैच के लिए मेन्यू कार्ड के कवर को बदल दिया गया है। रेस्त्रां के मालिक हार्दिक अग्रवाल कहते हैं कि इंडिया-पाक मैच में शहरियों की देशभक्ति सिर चढ़कर बोलती है। रेस्त्रां ने इसी के मद्देनजर ग्राहकों के लिए खास इंतजाम किए हैं। मॉकटेल्स, ट्राई कलर पास्ता, नूडल्स को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। रेस्त्रां में आने वाले ग्राहकों को दस फीसदी का डिस्काउंट भी दिया जाएगा।
भारत-पाक मैच के लिए की गई खास तैयारियां
- फोटो : अमर उजाला
हैट्रिक, सेंचुरी पर मिलेगी फ्री ड्रिंक
कैंट स्थित स्टेट्स क्लब के धुआं रेस्त्रां में भारत-पाक मैच को लेकर विशेष तैयारी की गई है। मैच देखने के लिए बड़ी स्क्रीन का इंतजाम किया गया है। ग्राहकों के लिए मुफ्त ड्रिंक की व्यवस्था की गई है। क्लब की डायरेक्टर इंशा मल्होत्रा ने बताया कि टीम इंडिया के जीतने पर मुफ्त में ड्रिंक दी जाएगी। इसके अलावा कोई भारतीय यदि सेंचुरी मारता है या हैट्रिक लेता है तो भी मुफ्त में ड्रिंक दी जाएगी।
गणपति पंडालों में भी होगी प्रार्थना
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत की कामना गणपति पंडालों में भी की जाएगी। नवाबगंज के डीपीएस ग्राउंड पर गणेश पंडाल को तिरंगे से सजाया गया है। अध्यक्ष संजय उपाध्याय ने कहा कि आरती के बाद बप्पा से भारत की जीत के लिए प्रार्थना की जाएगी।
रेस्त्रां में लगाए गए प्रोजेक्टर
- फोटो : अमर उजाला
विराट मोहितो से जमेगा रंग, लगेगा प्रोजेक्टर
गोविंद नगर स्थित 50 एमएल रेस्त्रां की छत पर प्रोजेक्टर लगाया जाएगा। छत को तिरंगे गुब्बारे और भारतीय झंडों से सजाया जाएगा। रेस्त्रां के मालिक दीपक, देवेश और करन ने बताया कि रेस्त्रां की स्पेशल मॉकटेल मोहितो को भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम पर रखा गया है।
मैच के दौरान दो पिज्जा पर एक फ्री
स्वरूप नगर स्थित बजूका रेस्त्रां में भी तैयारियां जोरों पर हैं। रेस्त्रां को तिरंगे रंग के गुब्बारों से सजाया जाएगा। ओनर मयंक अग्रवाल ने बताया कि मैच के दौरान दो पिज्जा आर्डर करने पर एक पिज्जा फ्री दिया जाएगा। साथ ही अगर इंडिया जीतती है तो सभी की टेबल पर फ्री मॉकटेल्स दी जाएंगी।