कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी से संबद्ध अनुदानित डिग्री कॉलेजों में सीटें भरना चुनौती से कम नहीं है। क्राइस्ट चर्च और पीपीएन डिग्री कॉलेजों को छोड़कर शेष अन्य कॉलेजों में अभी तक चौथाई सीटें भी नहीं भर सकी हैं। कॉलेजों में दाखिला 30 जून तक ही लिए जाने हैं।
डीजी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. संध्या सिंह ने बताया कि बीए में 1080 सीटें और बीएससी में 360 सीटें हैं। अभी तक दोनों वर्गों को मिलाकर कुल करीब तीन सौ दाखिले हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति अभी बहुत अच्छी नहीं है। एएनडी में बीए में 780 सीटें और बीएससी-बीकॉम में 360-360 सीटें हैं।
प्रिंसिपल डॉ. अलका कपूर ने कहा कि अभी बेहद कम संख्या में छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया है। चौथाई सीटें भी नहीं भरी हैं। बताया कि छात्र पीपीएन और क्राइस्ट चर्च की मेरिट निकलने का भी इंतजार करते हैं। उसके बाद अन्य कॉलेजों में दाखिला लेते हैं। बताया कि सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के कारण साल दर साल सीटें भरना मुश्किल हो रहा है। एसएनसेन डिग्री कॉलेज की प्रिंसिपल पूर्णिमा त्रिपाठी ने बताया कि बीए में 960 सीटें और बीएससी में 240 सीटें हैं।