संवाद न्यूज एजेंसी बकेवर (इटावा)। व्यासपुर गांव में मायके से लौटी नवविवाहिता ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। करीब आधा घंटा तक शव को उठने नहीं दिया। पुलिस ने परिजनों को समझाया तब जाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सोमवार शाम थाना क्षेत्र के बकेवर ग्राम व्यासपुर निवासी अरविंद दोहरे की पत्नी जूली (22) ने घर के अंदर कमरे में कुंडे से फंदा लगाकर जान दे दी। महिला का पति अरविंद करीब एक माह पहले हरियाणा के बल्लभगढ़ में प्राइवेट नौकरी करने गया हुआ था। अरविंद के मां-बाप व पत्नी जूली घर पर ही थी। ससुर हीरालाल मनरेगा में मजदूरी करने गया था जबकि मां खेत पर घास लेने गयी थी।
हीरालाल ने पुत्रवधू के मायके वालों को सूचना दी। जालौन के कुठौंद थाना के ग्राम लाड़पुर से मायके वाले जूली की ससुराल पहुंचे और हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी ने किसी तरह परिजनों को समझाकर फोरेंसिक टीम बुलाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला छह दिन बाद सोमवार शाम को ही मायके से लौटी थी। किसी बात से क्षुब्ध होकर आत्महत्या की है।
सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, ससुर हीरालाल बेटे की शादी को आठ माह हुए थे। मायके से बहू किसी बात से क्षुब्ध होकर लौटकर घर आई थी।