रूरा। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद नवजात की हालत बिगड़ने से मौत हो गई। मामले में परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगा पुलिस से शिकायत की है।
थानाक्षेत्र के गहोलिया निवासी रोहित कुशवाहा ने रूरा पुलिस व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को शिकायती पत्र दिया। जिसमें बताया कि प्रसव पीड़ा होने पर पत्नी नीलम को अस्पताल लाए थे। दो सितंबर को पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद पत्नी व नवजात को बुखार आ गया। आरोप लगाया कि यह बात वहां के स्टॉफ को बताई गई, इसके बाद भी टीका लगा दिया गया। जिस कारण हालत में सुधार नहीं हुआ।
अगले तीन सितंबर को डॉक्टरों को दोनों के बीमार होने की जानकारी दी। इसके बाद भी किसी ने नहीं सुना। गुरुवार को नवजात की मौत हाेने के बाद डॉक्टर ने रेफर कर दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया नवजात के जन्म के बाद बीसीजी, हेपाटाइटिस बी व पोलियो सहित तीन टीके स्टॉफ नर्स के द्वारा लगाए गए थे, जो वार्ड में भर्ती सभी बच्चों के लगे हैं। नवजात की हालत बिगड़ने पर उसको रेफर कर दिया गया था। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद भी विभागीय जांच करा रहे हैं। थानाध्यक्ष अमित शुक्ला ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।