कानपुर देहात। निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 16 दिसंबर से नए वोटर बनाए जाएंगे। शादी कर ससुराल जा चुकीं और मर गए लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाएंगे। वोटर लिस्ट की गलतियां भी ठीक कराई जा सकेंगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को राजनैतिक दलों के साथ बैठक में डीएम राकेश कुमार सिंह ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में अधिकारी रुचि लेकर काम करें। एसडीएम बीएलओ से एक रजिस्टर बनवाएं। इसमें किए जाने वाले कार्यों की डिटेल लिखी जाए। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि एक जनवरी 2020 के आधार पर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण होगा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों में नाम बढ़ाने और नाम हटवाने का काम 16 दिसंबर से 15 जनवरी तक होगा। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 27 जनवरी को किया जाएगा।
इस दौरान बीएलओ की ओर से घर-घर जाकर सर्वेक्षण का काम होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करें। एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान एसडीएम आनंद कुमार सिंह, अंजू वर्मा, दीपाली भार्गव, आरसी यादव, राजीव राज, गिरिजा शंकर सरोज, राजनैतिक दलों के राम औतार, मुलायम सिंह, विनोद कुमार सक्सेना, ज्ञानचंद्र संखवार, राजेश सिंह कुशवाह मौजूद रहे।