एनएच पीडब्लूडी ने सोमवार को सीओडी पुल की संशोधित डिजाइन फाइनल कर दी। निर्माणाधीन पुल की खामी दूर करने के लिए रेलवे ट्रैक के आसपास चार और पिलर बनाए जाएंगे।
पिलर बनाने में आड़े आ रहा सिग्नल शिफ्ट करने के लिए रेलवे अफसरों से कह दिया गया है। ठेकेदार (एसएच इंफ्राटेक) को भी संशोधित डिजाइन सौंपकर इसी के हिसाब से काम करने को कहा गया है।
‘अमर उजाला’ ने सात साल से बन रहे सीओडी पुल की डिजाइन में गड़बड़ी का मामला उजागर किया था। पुल बनवा रहे एनएच पीडब्लूडी के अफसरों ने भी इसे स्वीकारा।
उन्होंने संशोधित डिजाइन तैयार कराई और सोमवार को इसे फाइनल कर दिया। फाइनल डिजाइन के हिसाब से एनएच पीडब्लूडी रेलवे लाइन के दोनों तरफ दो-दो पिलर और बनाएगा। पिलर निर्माण में रेलवे के सिग्नल और गेट आड़े आ रहा है। उत्तर-मध्य रेलवे के परियोजना प्रबंधक से इन्हें हटवाने के लिए कहा गया है।
मेट्रो के लिए टेंडर आमंत्रित
मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के सिविल, मैकेनिकल, टेक्निकल वर्क के लिए एलएमआरसी (लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन) ने कंसल्टेंट कंपनियों से टेंडर आमंत्रित किए हैं। टेंडर 10 दिन बाद खुलेंगे। चयनित कंसल्टेंट कंपनियों की देखरेख में निर्माण होंगे।
मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान करने से अफसरों में भी तेजी आने लगी है। कमिश्नर मोहम्मद इफ्तिखारुद्दीन ने वस्त्र भवन में मेट्रो रेल का दफ्तर बनाने का आदेश केडीए वीसी जयश्री भोज को दिया है।
उधर, मेट्रो रेल प्रोजेक्ट का कामकाज एलएमआरसी के एमडी कुमार केशव की देखरेख में होना है। एमएमआरसी ने प्रोजेक्ट के तहत होने वाले सिविल वर्क, मैकेनिकल वर्क और टेक्निकल वर्क के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। केडीए के मुख्य नगर नियोजक एवं मेट्रो सेल के प्रभारी आशीष शिवपुरी ने बताया कि टेंडर एलएमआरसी में पड़ेंगे।
पहले टेक्निकल विड खुलेगी फिर फाइनेंशियल। पहले चरण में आईआईटी से रावतपुर स्टेशन तक एलीवेटेड ट्रैक बिछाया जाएगा। सब कुछ तय समय पर हुआ तो अगले महीने शिलान्यास हो सकता है।