कानपुर देहात/डेरापुर। जिले की छह तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में सुनवाई हुई। कुल 591 शिकायतें दर्ज की गई। इसमें से मौके पर केवल 12 शिकायतों का निस्तारण हुआ। अकबरपुर व मैथा तहसील में मौके पर किसी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। डेरापुर तहसील में जिला स्तरीय दिवस में डीएम व एसपी ने शिकायतें सुनीं।
डेरापुर तहसील सभागार में डीएम आलोक सिंह व एसपी अरविंद मिश्र की मौजूदगी में शिकायतें सुनीं गईं। यहां कुल 134 शिकायतें दर्ज हुईं। इसमें से केवल तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। खजुर्रा के मजरा सरदारपुर निवासी प्रमोद व प्रदीप नायक ने डीएम को बताया कि गांव में प्राथमिक विद्यालय का पुराना भवन ध्वस्त करा दिया गया। दो साल हो गए लेकिन नया भवन भी नहीं बनवाया गया। निजी स्कूल में पढ़ाई महंगी है। मजबूरी में बच्चों को निजी स्कूल में प्रवेश कराना पड़ रहा है। वहीं नजदीक का सरकारी स्कूल दो किमी दूर खजुर्रा में है। डीएम ने बीएसए व बीईओ को मामले में प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
वहीं, कमलाबाग नासरसेड़ा निवासी रमेश कुमार, वीरू, सुरेश कुमार, सुरेंद्र कुमार, विजेंद्र सिंह आदि ने डीएम को बताया कि मकानों के ऊपर से 11 केवी लाइन निकली है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी है। डीएम ने एक्सईएन झींझक को समस्या समाधान के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की शिकायतों की अधिकता और जमीन विवाद प्रकरणों में डीएम ने राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम से जांच मौके पर कराकर समाधान के निर्देश दिए। कहा कि विभागाध्यक्ष अपने स्तर पर ही शिकायतकर्ता को संतुष्ट कर समाधान कराएं। यहां सीएमओ डॉ. एके सिंह, डीएफओ एके द्विवेदी, सीवीओ डॉ. सुबोध कुमार, पीडी वीरेंद्र सिंह, एसडीएम भूमिका यादव, तहसीलदार जितेंद्र सिंह आदि रहे।
इधर अकबरपुर में एडीएम न्यायिक की मौजूदगी में शिकायतें सुनीं गईं। यहां कुल 150 शिकायतें दर्ज हुई। भारापुरवा के आदेश ने करंट से भैंस मरने का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर एक्सईएन विद्युत को निर्देश दिए गए। रूरा के रामबाबू ओमर ने शिकायत में कहा कि बिजली कर्मियों ने मकान से सटाकर केबल बॉक्स लगा दिया है। इससे केबलें घर के छज्जे को छू रही हैं। करंट से हादसा होने का खतरा बना है। समाधान के लिए एक्सईएन रनियां को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी तरह रसूलाबाद तहसील सभागार में एसडीएम सर्वेश सिंह ने शिकायतें सुनीं।वहीं, सिकंदरा तहसील में एडीएम वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य ने शिकायतें सुनीं। कुल 112 शिकायतें रहीं। इसमें राजस्व विभाग की 63 शिकायतें दर्ज हुई। एसडीएम शालिनी उत्तम व तहसीलदार सुभाष चंद्र यादव रहे। मैथा तहसील में एसडीएम राजकुमार की मौजूदगी में शिकायतें सुनीं गईं। कुल 50 शिकायतें रहीं।
..................
अनुपस्थित छह अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब
अकबरपुर तहसील में एडीएम न्यायिक ने सुबह 10:30 बजे उपस्थिति जांची। सहायक अभियंता जल निगम, विद्युत निगम से एसडीओ अकबरपुर, रनियां व पुखरायां नदारद थे। वहीं रूरा व रनियां थाना प्रभारी भी नहीं पहुंचे थे। एडीएम न्यायिक ने सभी छह अधिकारियों को अनुपस्थित कर दिया। एसडीएम ने बताया कि अनुपस्थित अधिकारियों का स्पष्टीकरण लिया जाएगा।