यूपी के फतेहुपुर जिले में खेत में लगे बबूल के पेड़ों के विवाद में शनिवार की रात भतीजों ने चाचा को कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। हमलावर दूसरे चाचा को भी मारने पहुंचे, इस बीच पथराव हो जाने से भाग गए। रक्षाबंधन के एक दिन पहले घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस शव लेकर थाने पहुंची। मौके पर एसपी, एएसपी, सीओ भी जांच को पहुंचे। भतीजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश चालू की है।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के गजईपुर गांव निवासी रामखेलावन निषाद (50) चार भाइयों भगौती, ऊदल, बदलू में सबसे छोटे थे। एक भाई शिवप्रसाद की मौत हो चुकी है। सभी अलग-अलग मकान में रहते हैं। रामखेलावन खेतीबाड़ी कर परिवार चलाते थे। शनिवार की रात रामखेलावन बड़े भाई भगौती से मिलकर अपने घर लौट रहे थे। परिजनों ने बताया कि रास्ते में दिवंगत शिवप्रसाद के बेटे रामबली, शिवबली, रामनारायण समेत चार लोग खड़े थे।