राज्य वस्तु एवं सेवाकर विभाग (स्टेट जीएसटी) की टीम ने शनिवार को कानपुर के दादानगर स्थित पैकेजिंग फर्म के दो प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर लाखों की टैक्स चोरी पकड़ी है। करीब 40 लाख रुपये कीमत का माल घोषित स्टॉक से अधिक पाया गया है। कई अन्य तरह के पैकेजिंग आइटम का स्टॉक कम भी पाया गया है। अफसर मामले की जांच कर रहे हैं।
दादानगर स्थित फर्म डिकुन लेमिनेटर्स में कई पान मसाला कंपनियों के पाउच, डिटरजेंट पाउडर के पैकेट, सब्जी मसाला के पाउच समेत विभिन्न तरह के पैकिंग आइटम बनते हैं। फर्म का सालाना 25 से 30 करोड़ रुपये का टर्नओवर है, लेकिन दस्तावेजों में कम दिखाया जा रहा था। एडिशनल कमिश्नर अशफाक अहमद को यहां लगातार टैक्स चोरी की सूचना मिल रही थी। इस पर अफसरों ने ज्वाइंट कमिश्नर राजेंद्र राय के निर्देशन में टीम गठित की।