बर्रा दो की ईडब्ल्यूएस डबल स्टोरी केवी-2 कॉलोनी में निर्माणाधीन मकान की दीवार शनिवार रात पड़ोसी की छत पर जा गिरी। दीवार के वजन के चलते पड़ोसी की छत भी ढह गई। इससे छत के नीचे कमरे में सो रहे युवक की मलबे में दबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
केवी-2 कॉलोनी निवासी पुष्पा देवी के पति ओमप्रकाश तिवारी की कई साल पहले मौत हो चुकी है। वह बड़े बेटे सौरभ, उसकी पत्नी, पोते और छोटे बेटे मोनू तिवारी (35) के साथ रहती थीं। सिलिंडर की डिलीवरी करने वाले सौरभ ने बताया कि छोटा भाई मोनू फजलगंज स्थित चप्पल के कारखाने में काम करता था।
सौरभ के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे माेनू खाना खाने के बाद पहली मंजिल पर बने कमरे में सोने चला गया। देर रात करीब 12 बजे तेज हवाएं चल रही थीं। इस वजह से पड़ोसी मनोज शर्मा के निमार्णाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार भरभराकर उनके पहली मंजिल वाले कमरे की छत पर जा गिरी। मलबे के भार से कमरे की पूरी छत ढह गई और कमरे में सो रहा मोनू मलबे में दब गया। जोरदार आवाज हुई लेकिन उन्हें लगा कि पड़ोसी के यहां कुछ गिरा है।