भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को भारतीय टीम की पूर्व स्पिनर नीतू डेविड को भारतीय महिला क्रिकेट टीम के चयन समिति की चेयरपर्सन बनाया है। यह घोषणा कोविड के चलते ऑनलाइन की गई है।
पैनल में सदस्य के रूप में पूर्व भारतीय खिलाड़ी मिठु मुखर्जी, रेणु मार्गेट, आरती वैद्य और वी कल्पना हैं। श्याम नगर निवासी नीतू ने 10 टेस्ट मैच में 41 विकेट लिए हैं। डेविड भारतीय महिला वनडे टीम में सर्वाधिक विकेट लेने वाली दूसरी महिला खिलाड़ी हैं।
उन्होंने 97 वनडे मैचों में 141 विकेट लिए हैं। नीतू ने सात फरवरी 1995 को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेला था। इसमें उनके प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन एकदिवसीय मैच में हुआ था।
नीतू ने अंतिम टेस्ट मैच 18 फरवरी 2006 को इंग्लैंड के खिलाफ खेला और अंतिम एकदिवसीय मैच 13 मार्च 2006 को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। घरेलू क्रिकेट में वह काफी लंबे समय तक रेलवे की टीम से खेलती रही थीं। नीतू ने 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था।