फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: बीएनएसडी में होगा नीट-यूजी, अमर सिंह ही बनाए गए केंद्र व्यवस्थापक

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र लीक करने की कोशिश के मामले में घिरे बीएनएसडी इंटर कॉलेज को इस बार नीट-यूजी का केंद्र बनाया गया है। तीन मई को होने वाली इस परीक्षा में प्रधानाचार्य अमर सिंह को फिर से केंद्र व्यवस्थापक की जिम्मेदारी दी गई है। उन पर पहले से जांच चल रही है। डीआईओएस ने उन्हें नोटिस भेजकर नौ बिंदुओं पर जवाब मांगा है।
विज्ञापन


नीट यूजी की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें एडीएम विवेक चतुर्वेदी, डीआईओएस संतोष कुमार राय और कॉलेज के प्रधानाचार्य अमर सिंह (होमगार्ड भर्ती परीक्षा के केंद्र व्यवस्थापक) मौजूद रहे। बैठक में परीक्षा की सुरक्षा, निगरानी और पारदर्शिता को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। अमर सिंह ने बताया कि केंद्र पर 22 जैमर लगाए जा चुके हैं और सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। परीक्षा संचालन के लिए 84 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है, साथ ही पुलिस बल की विशेष व्यवस्था रहेगी।

नोटिस में पूछे गए यह सवाल
डीआईओएस ने कॉलेज के प्रधानाचार्य से नोटिस में पूछा है कि होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान कुल कितने कक्ष निरीक्षक तैनात थे, उनकी ड्यूटी किसने लगाई, कौन-कौन शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे। कितने अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, केंद्र संचालन की जिम्मेदारी किसके पास थी और कक्ष निरीक्षकों का सत्यापन किस स्तर पर किया गया। इसके अलावा बाहरी लोगों का प्रवेश कैसे हुआ, संदिग्धों को ड्यूटी में शामिल किए जाने की क्या प्रक्रिया थी और निगरानी व्यवस्था कैसी थी। इन सवालों के जवाब से ही जिम्मेदारी तय होगी।
विज्ञापन




रिपोर्ट दर्ज कराने वाले सह-केंद्र व्यवस्थापक पर भी आरोप
इस मामले में केंद्र व्यवस्थापक अमर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराने वाले सह-केंद्र व्यवस्थापक ललित बाजपेई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमर सिंह का कहना है कि कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी से जुड़ा काम ललित बाजपेई देख रहे थे और उन्होंने ही सभी को फोन कर ड्यूटी की जानकारी दी थी। वहीं ललित बाजपेई ने आरोपों पर केंद्र व्यवस्थापक से बात करने के लिए कहते हुए फोन काट दिया।



बीएनएसडी इंटर कॉलेज पहले से नीट का प्रस्तावित केंद्र है इसलिए इसे बदलना संभव नहीं है। केंद्र व्यवस्थापक को लेकर निर्णय सिटी कोऑर्डिनेटर की ओर से लिया जाएगा।
- विवेक चतुर्वेदी, एडीएम




होमगार्ड भर्ती परीक्षा में पेपर लीक करने की कोशिश के मामले में विभागीय जांच जारी है। नोटिस भेजकर प्रधानाचार्य अमर सिंह से नौ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। - संतोष कुमार राय, डीआईओएस
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें