मेडिकल के परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाले नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) पीजी और नीट एमडीएस का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (एनबीई) ने इस बार एमडीएस प्रवेश परीक्षा 14 दिसंबर को कराने का फैसला किया है। नीट-पीजी का आयोजन देशभर में एकसाथ छह जनवरी 2019 को होगा। दोनों परीक्षाएं एक सत्र में ही कराने की तैयारी है। परीक्षाएं कंप्यूटर बेस्ड होंगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अक्तूबर के पहले सप्ताह से शुरू होगी। साथ ही एनबीई ने फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (एफएमजीई) स्क्रीनिंग टेस्ट, डीएनबी पोस्ट डिप्लोमा सीईटी (डीएनबी पीडीसेट) की तिथियां भी घोषित कर दी हैं। इसका भी आयोजन 14 दिसंबर को एमडीएस प्रवेश परीक्षा के साथ होगा। छात्र अधिक जानकारी के लिए एनबीई की वेबसाइट www.nbe.edu.in पर लॉगिन कर सकते हैं।
नीट यूजी के आवेदन एक नवंबर से
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) पहली बार नीट यूजी का आयोजन करने जा रही है। इसके लिए एक नवंबर से छात्र एनटीए की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। 30 नवंबर तक छात्रों को आवेदन का मौका दिया जाएगा। इसके बाद 15 अप्रैल 2019 को एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे और पांच मई 2019 को नीट का आयोजन एकसाथ पूरे देश में होगा।