कानपुर। नीट में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी शनिवार रात में ही सेंट्रल स्टेशन, गोविंदपुरी, झकरकटी बस अड्डे पहुंच गए। उन्होंने प्लेटफॉर्म परिसर और होल्डिंग एरिया में रात बिताई। भीषण गर्मी और उमस के बीच कई अभ्यर्थियों को खुले में ही आराम करना पड़ा। स्टेशन परिसर में कहीं अभ्यर्थी चबूतरों पर तो कहीं जमीन पर चादर बिछाकर सो गए। जीआरपी और आरपीएफ ने कई छात्रों को होल्डिंग एरिया में भिजवाया।
इटावा के मनोज ने बताया कि गर्मी के कारण बुरा हाल है। फिलहाल वेटिंग एरिया में बैठे हैं, लेकिन रातभर के लिए यहां बैठने नहीं दिया जाएगा। होल्डिंग एरिया में जाएंगे। परीक्षा छूटने के डर से रात में ही कानपुर आ गए। बांदा से आए ओम शंकर त्रिपाठी ने कहा कि रविवार को परीक्षा है। ट्रेन के पायदान पर बैठकर आए हैं। पूरा शरीर दर्द हो रहा है। रात में कुछ देर पढ़ाई भी करनी है। डिप्टी सीटीएम आकांशु गोविल ने बताया कि नीट के अभ्यर्थियों को हेल्पडेस्क के माध्यम से उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के मार्ग और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। परीक्षार्थियों की जरूरत पड़ने पर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए जाएंगे।