योगी आदित्यनाथ के खिलाफ एनसीआर दर्ज करने वाले एसआई संजय राय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। करीब पांच वर्ष पहले संजय राय ने सांसद योगी के खिलाफ कार्रवाई की थी। योगी अब प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं।
फर्रुखाबाद के कमालगंज के थानाध्यक्ष संजय राय वर्ष 2012 व 2013 में कुशीनगर जिले में शहर कोतवाली में तैनात थे। उस वक्त वहां एक जमीन को लेकर हिंदुत्ववादी संगठनों व अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के बीच विवाद हुआ था।
विवाद के दौरान योगी आदित्यनाथ भी मौके पर पहुंचे थे। इस मामले में योगी आदित्यनाथ सहित तमाम लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई थी। इस मामले की जांच चल रही थी।
इसी बीच एसआई संजय राय का स्थानांतरण फर्रुखाबाद कर दिया गया। यहां इन्हें कमालगंज थाने का चार्ज दिया गया। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक दयानंद मिश्र ने इन्हें लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ने बताया कि एनसीआर सहित कई मामले चल रहे हैं। शासन स्तर से संकेत मिलने पर संजय राय को लाइन हाजिर कर दिया गया है।