कानपुर। जीएसटी की दरों में की गई कमी से नवरात्र में ऑटोमोबाइल बाजार में जमकर लक्ष्मी बरसी है। 500 करोड़ से ज्यादा के कारोबार का अनुमान है। इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि अकेले एक शोरूम से 800 स्कूटी और बाइकें बिक गईं।
कार के एक शोरूम से 350 देसी-विदेशी कारें बिक गईं। शहर भर में 4000 कारें और 8000 स्कूटी, बाइक, बुलेट बिकने का अनुमान है। इलेक्ट्रानिक्स बाजार भी गुलजार रहा। 30 करोड़ के कारोबार का अनुमान है।
सोना-चांदी में महंगाई के बाद भी ग्राहकों ने अपनी जरूरत के मुताबिक खरीदारी की। आगे भी दामों में तेजी की संभावना के बीच धनतेरस और दिवाली के लिए भी बुकिंग की गई है। नवंबर से शुरू होने वाले शादी समारोहों के लिए भी नवरात्र में होटलों, गेस्ट हाउसों, रिसाॅर्ट की बुकिंग की गई। फरवरी 2026 तक की सहालगों के लिए 80 प्रतिशत से ज्यादा की बुकिंग हो गई है। पिछले साल ऑटोमोबाइल, सराफा इलेक्ट्रानिक्स बाजार में मायूसी देखने को मिली थी।
इस बार आटोमोबाइल बाजार टॉप गियर में दौड़ा। कारों में 20 और बाइक-स्कूटी की बिक्री में 25-30 प्रतिशत की सकारात्मक ग्रोथ देखने को मिली। अगले महीने के तीसरे सप्ताह में पड़ रही दिवाली पर भी बंपर कारोबार का अनुमान है। धनतेरस की भी बुकिंग शुरू हो गई है।
शहर में कार और बाइक और इलेक्ट्रिक दोपहिया के 100 से ज्यादा शोरूम हैं। विदेशी और लग्जरी कारों की डिमांड रही। 15-25 लाख वाली एसयूवी सबसे ज्यादा ग्राहकों की पसंद बनी है। जानकारों ने बताया कि कारों-बाइकों में 10 प्रतिशत जीएसटी कम होने का जबरदस्त असर देखने को मिला।