नगर निगम ने पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिन के आयोजन के लिए बसपा को फ्री में नानाराव पार्क आवंटित कर दिया है। इसकी जानकारी होने पर सपाइयों ने नाराजगी जताई है।
एक सपा पार्षद ने इसके विरोध में नगर आयुक्त से नियमानुसार पार्क आवंटित करने की मांग की है। उधर नगर आयुक्त उमेश प्रताप सिंह का कहना है कि पार्क आवंटन की उन्हेें जानकारी नहीं है अगर ऐसा हुआ है तो वह इसे दिखवाएंगे।
नानाराव पार्क स्थित शहीद स्तंभ लॉन का एक दिन का किराया 25 हजार रुपये है। नगर निगम संपत्ति विभाग के दस्तावेजों के अनुसार धार्मिक कार्यों के लिए इसमें 65 प्रतिशत तक की छूट दी जाती है।
बसपा जिलाध्यक्ष आरके भास्कर ने 15 जनवरी को मायावती के जन्मदिन पर इस पार्क को आवंटित करने के लिए पिछले महीने अर्जी दी। संपत्ति विभाग ने बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन के लिए इस पार्क को नि:शुल्क आवंटित करने के लिए रिपोर्ट तैयार की।
रिपोर्ट में वर्ष 2012, 2013 और 2014 में बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन के लिए इस पार्क को नि:शुल्क आवंटित करने का हवाला दिया गया। इसके बाद फाइल नगर आयुक्त के पास भेज दी गई।
पार्क को नि:शुल्क आवंटित करने का अधिकार उन्हीं के पास है। नगर आयुक्त ने स्वीकृति दे दी। जब इसका पता सपा पार्षद राजेंद्र प्रताप कटियार को लगा तो उन्होंने नगर आयुक्त दफ्तर में ज्ञापन देकर इस आवंटन को रद्द कर कार्रवाई की मांग की है।