शेयर बाजार में तमाम उठा-पटक के बीच वित्तवर्ष 2024-25 में कानपुर समेत प्रदेश के अन्य शहरों के म्यूचुअल फंड के एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) में अच्छी बढ़ोतरी देखी गई है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) के शुक्रवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी मिली। कानपुर का एयूएम 5,386 करोड़ रुपये तो उत्तर प्रदेश का एयूएम 55,622 करोड़ रुपये बढ़ा है।
म्यूचुअल फंड निवेश में कानपुर देश में 14 वें और प्रदेश में दूसरे स्थान पर काबिज है। शहर का निवेश करीब 34 हजार करोड़ रुपये है। देश के म्यूचुअल फंड कारोबार में कानपुर की हिस्सेदारी 0.51 फीसदी है। म्यूचुअल फंड निवेश में देश के टॉप 100 शहरों में उत्तर प्रदेश के 11 शहर हैं। वहीं 3,10,228 करोड़ रुपये के निवेश के साथ उत्तर प्रदेश देश में छठवें पायदान पर है।
10 सालों में एयूएम औसतन 20 प्रतिशत की दर से बढ़ा
बेहतरीन रिटर्न और निवेश में सहजता और पारदर्शिता के चलते निवेशकों का रुझान म्यूचुअल फंड और एसआईपी (सिप) में लगातार बना हुआ है। प्रदेश में कानपुर से आगे लखनऊ है। इसके म्यूचुअल फंड एयूएम में 9,364 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। शेयर मामलों के जानकार और केश्री ब्रोकिंग के कोफाउंडर राजीव सिंह ने बताया कि अनुमान है कि शहर का एयूएम वर्ष 2027 तक 50,000 करोड़ पार कर जाएगा। इसके पीछे का तर्क है कि पिछले 10 सालों में शहर का म्यूचुअल फंड एयूएम औसतन 20 प्रतिशत की दर से बढ़ा है। अगर यही दर जारी रही तो यह आंकड़ा हासिल किया जा सकता है।
एसेट अंडर मैनेजमेंट
एसेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) का अर्थ उन सभी निवेशों के कुल बाजार मूल्य से है, जो किसी वित्तीय संस्थान, फंड मैनेजर या संस्था अपने ग्राहक के लिए मैनेज करती है। एयूएम फंड की सफलता और विकास क्षमता का मूल्यांकन करने के लिए एक महत्वपूर्ण पैमाना भी है। एयूएम का बढ़ना दर्शाता है कि म्यूचुअल फंड मजबूत स्थिति में हैं।
प्रदेश के टॉप 10 शहर
शहर औसत एयूएम: मार्च 2024 औसत एयूएम: मार्च 2025 बढ़ोतरी
लखनऊ 37955 47319 9364
कानपुर 28604 33990 5386
वाराणसी 12102 15329 3227
आगरा 11552 13996 2444
मेरठ 7151 8664 1513
गोरखपुर 6051 7331 1280
बरेली 4401 5332 931
अलीगढ़ 3300 4665 1365
झांसी 3300 3999 698