फर्रुखाबाद जिले में मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव खिमसेपुर में मौसी के घर रह रहे बालक की बुधवार को मौसा ने हत्या कर गांव के ही कब्रिस्तान में शव दफना दिया। प्रधान के पुत्र की सूचना पर पुलिस ने कब्रिस्तान से शव बरामद कर मौसी को हिरासत में ले लिया।
बहन ने पूछताछ में गला घोंटकर हत्या किए जाने का खुलासा किया। क्षेत्र के गांव खिमसेपुर निवासी संतोष श्रीवास्तव 15 दिन पहले जनपद कन्नौज थाना तिर्वा क्षेत्र के गांव मलिहापुर निवासी साली राधा के पांच वर्षीय पुत्र सुमित व सात वर्षीय पुत्री सौम्या को अपने घर पर लाया था।
राधा इन दिनों पति अजय श्रीवास्तव की हत्या में कन्नौज जिला जेल में बंद है। मौसा के घर आया सुमित बीमारी के चलते दिन में कई बार घर में ही इधर-उधर शौच कर देता था।
गंदगी को लेकर संतोष व उसकी पत्नी कीर्ति नाराजगी जाहिर कर मारपीट भी करते थे। सुमित की बहन सौम्या ने बताया कि बुधवार को भी भाई ने घर में शौच कर दी थी। इस पर मौसी कीर्ति ने उसके डंडा मार दिया। जिससे वह गिर पड़ा।