फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर में मोबाइल चोरी के आरोप में बेटे को पकड़कर थाने ले जाए जाने से दुखी मां ने झोपड़ी की धन्नी में साड़ी के फंदे से फांसी लगा ली। परिजनों ने पुलिस कर्मियों व मोबाइल चोरी का आरोप लगाने वाले पर कार्रवाई की मांग को लेकर आधा घंटे तक शव फंदे से नहीं उतारने दिया।
थानाध्यक्ष ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया, तब पुलिस ने शव उतारकर पोस्टमार्टम को भेजा। पिता-पुत्र पर आत्महत्या को उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर निवासी रामफेरे का मंगलवार सुबह मोबाइल चोरी हो गया।
इस पर उसने पड़ोसी गांव तौफीक की मड़ैया के सियाराम और वेदराम के 17-17 वर्षीय बेेटों पर आरोप लगाया। सूचना पर 112 पुलिस गांव पहुंची और दोनों किशोरों को पकड़ लिया। सियाराम की पत्नी मालती व गांव के लोग ने मामले को गांव में ही निपटाने को कहते रहे।
ग्रामीणों ने भी कहा कि बच्चों पर चोरी का गलत आरोप है। बावजूद इसके पुलिस कर्मी नहीं माने और दोनों को थाने ले गए। इस दौरान सियाराम खेत पर था। पुलिस के जाने के कुछ देर बाद ही मालती (50) ने झोपड़ी की धन्नी में साड़ी के फंदे से फांसी लगा ली।