कानपुर। भैरवघाट पर पांच दिन पहले गंगा में डूबे युवक की मां ने चार दोस्तों पर लूट के बाद गंगा में धक्का देकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। गुरुवार देर शाम मामला दर्ज कर कोहना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
लक्ष्मण बाग ऑफिसर्स कालोनी निवासी गीता यादव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि 26 जुलाई की दोपहर 12 बजे बेटा शिवम यादव उर्फ अंकुर यादव (19) को मोहल्ले का यमन मोबाइल बनवाने के बहाने घर से बुला कर ले गया। मोहल्ले के कुछ लोगों ने उन्हें दोपहर में बताया कि यमन, मयंक, गोलू व अरुण बेटे शिवम को लेकर भैरवघाट पर नहाने ले गए। उनके अनुसार वह पति अशोक के साथ वहां पहुंची तो पता चला कि बेटे के साथ चारों युवकों ने मारपीट करके मोबाइल व पर्स लूट गंगा में धक्का दे दिया।
बेटी अंशु यादव ने पुलिस को सूचना दी। अगले ही दिन 27 जुलाई को बेटे का शव बाबाघाट के पास मिला। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे हैं। कोहना थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि मां गीता की तहरीर पर यमन, मयंक, गोलू, अरुण के विरुद्ध हत्या और लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।