रसूलाबाद। नारखुर्द गांव में अधेड़ की हत्या के मामले में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मूसल बरामद कर लिया है। महिला मित्र के अलावा तीन नामजद आरोपियों से पूछताछ के बाद अवैध संबंधों में हत्या किए जाने की बात स्पष्ट हो गई है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करेगी।
रसूलाबाद कस्बे के नारखुर्द निवासी बदन सिंह राजपूत (42) की रविवार रात रामबाबू कुशवाहा के घर में हत्या कर दी गई थी। वह ट्यूबवेल पर फसल की रखवाली के लिए लेटे थे। रात में चौकी के पास रहने वाली महिला मित्र से मिलने उसके घर गए थे। मामले में मृतक के भाई देवेंद्र ने रामबाबू, श्यामबाबू, ज्ञान बाबू, अमर सिंह पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस की छानबीन में समाने आया कि बदन सिंह के रामबाबू की पत्नी से अवैध संबंध थे। उसके बुलाने पर वह मिलने गया था। वहां आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। महिला ने प्रेम संबंध की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घर से घटना में प्रयुक्त मूसल बरामद कर लिया है। ज्ञान बाबू को छोड़कर अन्य तीन नामजद आरोपियों के साथ रामबाबू की पत्नी मृतक की महिला मित्र भी पुलिस हिरासत में है। पोस्टमार्टम में गले की हड्डी टूटी मिली है। साथ ही सिर व चेहरे में वजनदार वस्तु से चोटों के कई निशान हैं। इंस्पेक्टर शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद अवैध संबंधों में हत्या की बात स्पष्ट हो गई है।