शिवली (कानपुर देहात)। सुनवर्षा गांव में गुरुवार भोर छत पर सो रही सात साल की भतीजी की नुकीले औजार से सिर पर वार करके हत्या कर दी। परिजनों ने बताया कि बुधवार को चाचा के कहने पर बच्ची दुकान से सामान लेने नहीं गई थी। इससे वह नाराज था। मृतका के पिता ने भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बाल किशन गौतम ने बताया कि बुधवार रात छत पर पत्नी कुंती, बेटा शनि (12), शिखा (10) व सलोनी (7) के साथ सो रहे थे। छत में दूसरी तरफ छोटा भाई भूरा उर्फ हरिश्चंद्र लेटा था। गुरुवार भोर पहर बाल किशन व पत्नी कुंती नीचे जाकर घर के काम करने लगे। इसी बीच भूरा उर्फ हरिश्चंद्र ने सलोनी के सिर पर नुकीले औजार से वार कर हत्या कर दी।
उसके चीखने पर वह लोग छत पर पहुंचे तो भूरा भाग गया। सलोनी कक्षा एक की छात्रा थी। एसपी अनुराग वत्स को बाल किशन ने बताया कि भूरा के कहने पर सलोनी बुधवार को दुकान से सामान लेने नहीं गई थी। इससे वह नाराज था। बेटी की हत्या होने से मां कुंती, दादी प्रेमा रोती रहीं। एसपी ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
मां और पिता के साथ भी कर चुका है मारपीट
भतीजी की हत्या का आरोपी हरिश्चंद्र उर्फ भूरा डेढ़ वर्ष पहले अपने पिता सरजू वर्मा, माता प्रेमा देवी पर कैंची से हमला कर चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि भूरा अपनी पत्नी के साथ भी आए दिन मारपीट करता था। इससे परेशान होकर दस वर्ष पहले छोड़कर चली गई थी। ग्रामीणों में चर्चा रही कि सलोनी से कुछ दूर भाई शनि व बहन शिखा छत पर ही सो रही थी। इन दोनों पर भी वह वार कर सकता था। हत्यारोपी नशे का लती है।