बांदा जेल में बंद बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी से उनके बेटे मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके पिता का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और जेल प्रशासन उनका सही से इलाज भी नहीं करा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिला जेल में बंद पूर्व विधायक और पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी का स्वास्थ्य अच्छा नहीं है। यह जानकारी उनके बेटे अब्बास अंसारी ने दी। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को मुख्तार अंसारी से उनके पुत्र और विधायक अब्बास अंसारी मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनके पिता का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ है और जेल अधिकारी उनका इलाज नहीं करा रहे हैं।
विज्ञापन
वहीं, बाहरी जनपदों के जेल वार्डन्स को मुख्तार की बैरक की सुरक्षा सौंपने के सवाल पर कहा कि यह सब दिखावा है, कोई साजिश है। बता दें कि मुख्तार अंसारी से उनके दोनों बेटों अब्बास अंसारी और उमर अंसारी ने करीब एक घंटे मुलाकात की। मुलाकात के बाद जेल के बाहर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत की।
बता दें कि बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी 2005 से बीजेपी विधायक कृष्णानंद राय की हत्या के आरोप में जेल में बंद है। मुख्तार अंसारी के खिलाफ गाजीपुर जिले की एक ही थाने में तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं और कई मामलों में मुख्तार अंसारी बरी भी हो चुके हैं।
इस बीच करीब दो साल तक उन्हें पंजाब से रोपड़ जेल में भी रखा गया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मुख्तार अंसारी को दोबारा बांदा जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। मुख्तार अंसारी को सात अप्रैल 2021 को पंजाब की रोपड़ जेल से बांदा लाया गया था।