कानपुर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) की ओर से मंगलवार को किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर सत्यवीर गुप्ता स्मारक टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबले खेले गए। पहले मैच में एमयूसी ने अमर क्लब को छह विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में अशोका ज्योति ने स्पोर्टिंग यूनियन को तीन विकेट से पराजित किया।
पहले मैच में अमर क्लब की टीम 20 ओवर में 94 रन पर सिमट गई। प्रताप ने 42 और अनंत कुमार मिश्रा ने 26 रन बनाए। एमयूसी की ओर से सुधीर, शुभम, हर्षित और चिन्मय ने एक-एक विकेट हासिल किया। वहीं एमयूसी ने आराध्य के 53 और राहुल सिंह के 34 रनों की मदद से 17.2 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
अमर क्लब की ओर से अनिरुद्ध ने दो विकेट लिए। दूसरे मुकाबले में अशोका ज्योति ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवर में 83 रन बनाए। प्रियांशु ने 43 और अमन ने 32 रन का योगदान दिया। स्पोर्टिंग यूनियन के नितिन तिवारी और अक्षत अवस्थी ने तीन-तीन विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पोर्टिंग यूनियन की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 81 रन ही बना सकी। अक्षत ने 38 और रुद्र प्रताप ने 28 रन बनाए। अशोका ज्योति की ओर से ईशु सचान और विष्णु ने तीन-तीन तथा अमन ने एक विकेट लिया।