फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: चाैड़े फुटपाथ के विरोध में सांसद, महापौर और विधायक भी

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल सीएम ग्रिड योजना के तहत 350 करोड़ की लागत से बन रहीं सड़कों पर अनावश्यक रूप से सड़कों से ज्यादा चौड़े फुटपाथ के निर्माण पर जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई है। सांसद, महापौर, विधायकों और पार्षदों ने कहा है कि यूटिलिटी की आवश्यकतानुसार फुटपाथ बनाए जाएं और सड़कों की चौड़ाई बढ़ाई जाए।
विज्ञापन

यह मामला दिशा और मंडलीय समीक्षा बैठकों में भी उठाया गया है लेकिन अधिकारियों की शासन से डिजाइन स्वीकृत होने का हवाला देकर मनमानी जारी है। इससे नाराज सांसद ने नगर निगम के अफसरों की बैठक बुलाने, एक विधायक ने शासन को पत्र लिखने तो दूसरे ने आंदोलन करने और विधानसभा में मामला उठाने का ऐलान किया है।
सीएम ग्रिड योजना फेज-एक और दो के तहत नगर निगम शहर में 10 प्रमुख सड़कों का निर्माण करा रहा है। इसमें सड़क, बीच में 1.2 मीटर का डिवाइडर और दोनों तरफ नाले, यूटिलिटी डक्ट, पाइपलाइन, सीवरलाइन, संचार केबल के लिए सेवन-वे लाइन बिछाने और स्ट्रीट लाइटें लगाने में लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और पाइपलाइन में लीकेज, सीवर लाइन चोक आदि होने पर सड़क की खोदाई से बचना है।
विज्ञापन

हालांकि, घंटाघर-ग्रीनपार्क चौराहा, किदवईनगर-बाबाकुटी चौराहा, किदवईनगर सोटे बाबा मंदिर चौराहे से दीप टाकीज चौराहा, कर्रही रोड, हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से यशोदानगर, गोपालनगर होते हुए कानपुर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग, कल्याणपुर बगिया क्राॅसिंग से केसा चौराहा रोड जैसी सड़कों की तुलना में फुटपाथ को अधिक चौड़ा बनाया जा रहा है। ग्रीनपार्क चौराहे के पास तो अतिक्रमण भी शुरू हो गया है।
जनप्रतिनिधियों का मानना है कि अत्यधिक चौड़े फुटपाथ न केवल अनावश्यक खर्च को बढ़ावा देते हैं। भविष्य में यातायात के लिए भी बाधा उत्पन्न हो सकती है। उनका आरोप है कि इस डिजाइन में स्थानीय आवश्यकताओं और भविष्य की यातायात जरूरतों का ध्यान नहीं रखा गया है। यह मनमानी जनप्रतिनिधियों के बीच नाराजगी का कारण बन रही है। उधर, अधिकारियों का तर्क है कि यह निर्माण शासन से स्वीकृत डिजाइन के अनुसार किया जा रहा है।


बातचीत
सड़कें चाैड़ी कराऊंगा
दिशा की बैठक में फुटपाथ की चौड़ाई घटाकर सड़कें ज्यादा चौड़ी करने के लिए कहा था। दो दिन पहले नगर आयुक्त से कहा तो वह बोले जहां हो सकती है वहां फुटपाथ की चौड़ाई कम की हैं। नगर निगम के अधिकारियों की बैठक बुलाकर सड़कें चौड़ी कराऊंगा। - रमेश अवस्थी, सांसद

चाैड़ाई घटाने के दिए निर्देश
ग्रीनपार्क चौराहे से एमजी चौराहे की तरफ चाैड़े फुटपाथ बनाने पर नगर आयुक्त से आपत्ति जताई है। इसकी चौड़ाई घटाने और ग्रीनपार्क चौराहे पर स्लिपरोड बनाने के निर्देश दिए हैं। - प्रमिला पांडेय, महापौर

विधानसभा में उठाएंगे मामला
सीएम ग्रिड योजना में जेएनएनयूआरएम की तरह घोटाला हो रहा है। यह सड़कें यातायात के लिए नासूर बन सकती हैं। यदि इसमें सुधार नहीं हुआ तो वह आंदोलन करेंगे। विधानसभा में भी यह मामला उठाएंगे। - अमिताभ बाजपेई, सपा विधायक

शासन को पत्र लिखूंगा
पब्लिक के विरोध पर भी सड़क के बजाय फुटपाथ चौड़े कर दिए हैं। प्रभारी मंत्री की बैठक में यह विषय रखा था। अधिकारियों का कहना था कि शासन से डिजाइन स्वीकृत हुई है। कल शासन को पत्र लिखूंगा। - महेश त्रिवेदी, भाजपा विधायक

चौड़े फुटपाथ नहीं बनाना चाहिए
सीएम ग्रिड योजना का उद्देश्य सड़कों को बार-बार खुदने से बचाने के लिए डक्ट बनाना है। इस योजना के तहत बन रही सड़कों में जितनी जगह में यूटिलिटी आ रही हैं उससे एक इंच भी ज्यादा चौड़े फुटपाथ नहीं बनाना चाहिए। - नीलिमा कटियार, भाजपा विधायक
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें