कानपुर। शहर की बदहाल सड़कों और लंबित विकास कार्यों को लेकर सांसद रमेश अवस्थी ने शनिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों संग बैठक की। खराब सड़कों पर नाराजगी जताई। उन्हाेंने नगर निगम की आठ मीटर से अधिक चौड़ी प्रमुख सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने को कहा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को इन सड़कों को अपने अधीन लेकर आरसीसी से स्थायी निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
वहीं नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और मेट्रो के अधिकारियों को समन्वय बनाकर बारिश के बाद मरम्मत कराने को कहा। केडीए के मुख्य अभियंता आरपी सिंह को मैनावती मार्ग को तत्काल मोटरेबल बनाने के निर्देश दिए। सांसद ने केंद्र सरकार से स्वीकृत करीब 138 करोड़ रुपये से बनने वाले 14 नालों का जल्द निर्माण शुरू कराने को कहा। जल निगम के पांच एसटीपी के संचालन और स्थिति की भी समीक्षा की। सांसद ने सीएम ग्रिड योजना के हो रहे निर्माण को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, जलकल, जल निगम, सीएंडडीएस, मेट्रो, एनएचएआई समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।