घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज जिले में मंगलवार को सांसद सुब्रत पाठक ने 30-35 लोगों के साथ सदर तहसीलदार पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार सांसद ने तहसीलदार को सरकारी आवास में घुस कर पीटा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से आरोपी दो बाइक छोड़कर मौके से भाग निकले। तहसीलदार को मेडिकल परीक्षण के लिये जिला अस्पताल ले जाया गया है। डीएम, एसपी, एडीएम, सदर एसडीएम समेत भारी पुलिस बल सदर तहसील पहुंचा। इस घटना से तहसील कर्मियों में रोष व्याप्त है।
तहसीलदार का आरोप है कि सांसद सुब्रत पाठक और 20-25 भाजपाइयों ने घर में घुसकर हमला कर दिया। जमीन पर गिराकर पीटा। 10-15 मिनट तक यह घटना तहसीलदार की पत्नी और आठ साल की बच्ची के सामने हुई। मारपीट में सदर तहसीलदार को कई चोटें आई हैं।
घटना के बाद भाजपाई दो बाइकें छोड़कर भाग निकले। एक बाइक पर भाजपा के झंडे के रंग का निशान और जिला मीडिया प्रभारी लिखा हुआ है। दोपहर करीब सवा दो बजे हुई इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
आलाधिकारी सदर तहसील पहुंच गए। तहसीलदार से पूरी घटना की जानकारी ली। तहसीलदार का एडीएम और सदर एसडीएम की मौजूदगी में जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। घटना को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और राजस्व कर्मियों में रोष है। एक लेखपाल भी घायल हुआ है।