यूपी के फर्रुखाबाद जिले में पहुंची माउंट एवरेस्ट पर फतेह करने वाली भारत की पहली महिला बछेन्द्री पाल ने यहां अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि मेरे लिए दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह करने से ज्यादा मुश्किल काम उस समय अभियान पर निकलना था। आज पहले जैसे हालात नहीं हैं। अब तो चीजें सोच से बदलती हैं।
बछेन्द्री पाल समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को काफी महत्वपूर्ण समझते हुए अब गंगा नदी के सफाई के मिशन पर हैं। उनका अभियान उत्तराखंड के हरिद्वार से शुरु हुआ है जो कि पटना में समाप्त होगा। इस अभियान के तहत अपने दल के साथ शुक्रवार रात फर्रुखाबाद पहुंची। यहां उन्होंने गंगा सफाई अभियान को लेकर नुक्कड़ नाटक भी देखा। इसके साथ सेंट्रल स्कूल के बच्चों के साथ अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि गंगा के प्रति हमें अपनी सोच बदलनी होगी। गंगा नदी जिसे हम अपनी मां कहते हैं, जिसमें हमारी आस्था है, वह हमारी वजह से आज कराह रही है। यह कैसी आस्था है। हमें अपनी सोच बदलनी पड़ेगी।