रसूलाबाद। नैला ग्राम सभा के मजरा गढ़ी में पिता पर बम से हमला कर मौत के घाट उतारने वाले बेटे के खिलाफ मां ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हमले के दौरान आरोपी का हाथ भी जख्मी हो गया था। गंभीर हालत में उसे हैलट में भर्ती कराया गया है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। चर्चा है कि बाइक में पेट्रोल न होने पर पिता से आरोपी का विवाद हुआ था।
गढ़ी गांव में गुरुवार की रात रामनरेश यादव (60) की बेटे संजेश उर्फ संजीत ने बम से हमला कर हत्या कर दी थी। रामनरेश भागवत कथा वाचक थे। घर में उनकी दिव्यांग पत्नी सिद्धेश्वरी व बेटा संजेश रहता था। दूसरा बेटा रंजीत माती में रहकर जिला पूर्ति विभाग में नौकरी करता है। ग्रामीणों में चर्चा है कि गुरुवार रात बाइक में पेट्रोल न होने पर पिता पुत्र के बीच विवाद हो गया।
इस पर संजेश ने पिता पर बम से हमला कर दिया। इससे पिता का सिर बुरी तरह से फट गया। हमले में आरोपी संजेश का भी हाथ जख्मी हो गया। इससे वह कुछ दूर जाने के बाद बेहोशी की हालत में गिर गया। उसे एंबुलेंस से हैलट पहुंचाया गया। वहीं शुक्रवार को पोस्टमार्टम में मृतक के सिर की हड्डी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मिली। घटना के बाद माती से रंजीत पहुंचा।
वहीं सिद्धेश्वरी ने बेटे संजेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पा रही है। मामले में एक महिला की भी भूमिका संदिग्ध है। आरोपी का हैलट में उपचार चल रहा है। घटना के बाद रात में एएसपी घनश्याम चौरसिया ने पहुंच कर छानबीन की।
आरोपी की पत्नी कर चुकी है आत्महत्या
ग्रामीणों में चर्चा रही कि पुलिस को घर में तीन और बम मिले है। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया। गांव के लोगों ने बताया कि आरोपी संजेश नशे का आदी है। वह अक्सर शराब पीकर गांव में उत्पात मचाता रहता था। छह साल पहले उसकी शादी हुई थी। शादी के दो साल बाद ही पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। आरोपी गांव में पानी की टंकी का ऑपरेटर था।