कानपुर के जालपा नगर, जूही में रहने वाली महिला के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस महिला ने पांच दिनों पूर्व नवजात बच्ची को जन्म दिया था। संक्रमण की आशंका के चलते बच्ची को अलग सेंटर में क्वारंटीन कराया गया है।
जालपा नगर निवासी एक महिला ने पांच दिन पूर्व बच्ची को जन्म दिया था। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक डिलीवरी के बाद महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई तो उसे एक अस्पताल के कोविड-19 वार्ड में भर्ती कराया गया।
मां के साथ रहने की वजह से नवजात के भी संक्रमित होने की आशंका है। इस वजह से उसे मां से अलग फजलगंज स्थित रेलवे के इलेक्ट्रिक ट्रेनिंग सेंटर में भर्ती कराया गया है। देखभाल को उसके साथ एक तीमारदार भी है।
डॉक्टरों के लिए भी इस बच्ची को रखना चुनौती से कम नहीं है। बुधवार को जांच के लिए उसका नमूना लेकर भेजा गया। बच्ची समेत क्वारंटीन सेंटर में भर्ती 32 कोरोना संदिग्धों के नमूने लेकर भेजे गए।
इसकी एक-दो दिन में जांच रिपोर्ट आ जाएगी। इसी बीच इस सेंटर में क्वारंटीन पांच लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इन्हें दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है।