उन्नाव में माखी के पास एक गांव में बीमार वृद्ध मां को लेकर बैंक से चार लाख रुपये निकालने गई छोटी बेटी रुपये निकालने की प्रक्रिया पूर्ण करा रही थी तभी मां की मौत हो गई। इसी बीच वृद्धा की बड़ी बेटी पहुंची और रुपये निकालने का विरोध किया। दोनों में मारपीट भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी धक्कामुक्की हुई।
बड़ी बेटी की तहरीर पर पुलिस ने छोटी बेटी सहित आठ लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। माखी थानाक्षेत्र के माखी के मोहल्ला मझखोरिया निवासी कमला देवी (70) पत्नी स्व नंदकिशोर कई वर्षों से बीमार चल रही थीं। दो बेटियां में गीता मिश्रा शहर के मोहल्ला लोकनगर और छोटी बेटी गायत्री लखनऊ में रहती है। दोनों बेटी विवाहित हैं।
वृद्धा कमला देवी का थाना गांव स्थित ग्रामीण बैंक आफ आर्यावर्त में खाता है। खाते में करीब 6 लाख रुपये और 12 लाख की एफडी है। वृद्धावस्था के चलते कमला के हस्ताक्षर का मिलान न होने से काफी दिनों से वह खाते से रुपये नहीं निकाल पा रही थी। सोमवार को दोपहर में छोटी बेटी गायत्री अपने मायके पहुंची और मां कमला को कार से बैंक लेकर गई।
उसने शाखा प्रबंधक पुनीत श्रोठिया से मां के इलाज के लिए रुपये निकालने की बात बताई। शाखा प्रबंधक ने बताया कि अंगूठा लगाकर रुपये निकालने की अनुमति क्षेत्रीय प्रबंधक ही दे सकते हैं। वृद्धा के इलाज की जानकारी पर शाखा प्रबंधक मां-बेटी के साथ शहर के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पहुंचे। क्षेत्रीय प्रबंधक के पूछने पर वृद्धा ने इशारा कर बेटी को रुपये निकाल कर देने को कहा।
इसके बाद बेटी गायत्री अपनी मां को लेकर फिर बैंक पहुंची। बैंक में अंगूठा सत्यापन की कार्रवाई पूरी की जा रही थी तभी वृद्धा की मौत हो गई। जानकारी हुई तो शाखा प्रबंधक ने मृत अवस्था में विड्राल फार्म पर अंगूठा लगवाने से इन्कार कर दिया। इसी बीच वृद्धा की बड़ी बेटी पहुंच गई और उसने भी मृत मां का अंगूठा लगाकर रुपये निकालने का विरोध किया।
इस पर दोनों बहनों व उनके साथ आए लोगों में मारपीट हो गई। पुलिस ने मृतका की बड़ी बेटी गीता की तहरीर पर छोटी बेटी गायत्री देवी उसके साथ आए प्रेमशंकर समेत आठ लोगों के खिलाफ मारपीट व साजिश रचकर रुपये निकालने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया है। माखी एसओ नारदमुनि सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम भी कराया जा रहा है।