घटनास्थल थाने के सामने लगी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के हमीरपुर जिले में हाईवे पर शुक्रवार को एक ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिसमे बाइक सवार मां बेटे की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक चालक भी घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सिसोलर थानाक्षेत्र के परहेटा गांव निवासी उपेंद्र मामी सरोज तिवारी (40) व उनके बेटे अभिषेक तिवारी (14 ) निवासी फत्तेपुर, मौदहा को बाइक पर बैठाकर हमीरपुर ले जा रहा था। इस बीच कबरई की तरफ से आ रहे एक ओवरलोड ट्रक ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक में पीछे बैठे मां बेटे ट्रक के नीचे आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा उपेंद्र भी घायल हो गया। थाने के सामने की दुर्घटना होने के कारण तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कस्बे में हुई दुर्घटना के बाद से लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों ने जिला प्रशासन से हाईवे पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। थानाध्यक्ष, गिरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि ट्रक चालक हादसे के बाद भाग निकला, हालांकि ट्रक का पता चल गया है। तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी। हाईवे पर थाने के सामने मां बेटे की मौत हो जाने पर इस परिवार में सिर्फ एक बेटी बची है। करीब दो वर्ष पूर्व सरोज के पति अवधेश की भी मौत हो चुकी है। मां और भाई की मौत की खबर पाकर पुत्री रुचि (20) का रो रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेहोश जा रही है। जिसे अन्य परिजन ढांढस बंधाने में जुटे हुए है।