औद्योगिक शहर कानपुर में नगर निगम और प्रशासन के दावों की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है। कानपुर के वार्ड-87 के अंतर्गत आने वाली बिनगवा मौरंग मंडी इन दिनों बदहाली के चरम पर है। हमीरपुर-गल्लामंडी मुख्य हाईवे से अंदर की ओर जाने वाला यह प्रमुख मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है।
तालाब में तब्दील हुई सड़क, पानी में समा गई बाइक
स्थानीय लोगों और दुकानदारों के मुताबिक, बिनगवा मौरंग मंडी की इस मुख्य सड़क पर लंबे समय से जलभराव और गहरे-गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश और सीवर के ओवरफ्लो होने के कारण यहां सड़क और तालाब में कोई फर्क नजर नहीं आता। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बाइक सवार जब इस रास्ते से गुजर रहा था, तो पानी की गहराई और सड़क के बड़े गड्ढे का अंदाजा न होने के कारण उसकी बाइक अचानक बीच सड़क पर बने गहरे पानी में जा गिरी।
जिम्मेदारों पर उठ रहे सवाल
वार्ड 87 के इस इलाके में हुए इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार क्षेत्रीय पार्षदों और संबंधित अधिकारियों से इस सड़क के निर्माण और जल निकासी की समस्या को दूर करने की गुहार लगाई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। सड़कों पर जलभराव और हादसों का यह सिलसिला कब थमेगा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।