कानपुर में बारिश के दौरान राह से गुजर रही लड़कियां
सैंट्रल यूपी समेत कानपुर नगर और कानपुर देहात में मानसून का असर रहेगा। बीते चार दिन से शहर में रुकरुक कर बरसात हो रही है। बारिश से मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है, 29 सितंबर तक सैंट्रल यूपी से मानसून विदा होगा। इसके बाद बारिश के आसार कम हो जाएगा।
फिलहाल 19, 21 और 22 सितंबर तक रिमझिम बरसात होने की संभावना बनी रहेगी। कानपुर नगर और कानपुर देहात सहित सेंट्रल यूपी से मानसून 29 सितंबर तक विदा होगा। इसके बाद बारिश के आसार कम हो जाएंगे।
पश्चिम बंगाल की खाड़ी और केरल से आने वाला मानसून राजस्थान के थार से वापसी करता है। इसकी प्रक्रिया 17 सितंबर से शुरू हो गई। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग ने जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके मुताबिक वापसी का मानसून ही बरस रहा है। यह सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार दोपहर 2:30 बजे तक 5.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की है। इसके बाद भी हल्की बूंदाबांदी होती रही। अधिकतम पारा 32 और न्यूनतम पारा 26.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह पारा सामान्य से कम है। वातावरण में सुबह की नमी 88 फीसदी और दोपहर की नमी 90 फीसदी रिकार्ड की गई है।