रूरा क्षेत्र के गहलौं गांव स्थित बड़ौदा पूर्वी ग्रामीण बैंक में सोमवार को पैसा नहीं होने का आरोप लगाते हुए खाताधारकों ने जमकर हंगामा किया।
ग्राहकों का आरोप था कि जब भी रुपये निकालने के लिए आते हैं, उन्हें रुपये नहीं होने की बात बताकर टरका दिया जाता है। इधर, खाताधारकों के हंगामे ही सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
सोमवार को गहलौं गांव में बड़ौदा उत्तर प्रदेश पूर्वी ग्रामीण बैंक की शाखा में रुपयेे नहीं होने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों खाताधारकों ने बैंक के बाहर जमकर हंगामा किया।
हंगामे के दौरान भैरों शाहजहांपुर गांव निवासी प्रधानपति जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लोहिया आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थी जब भी शाखा में रुपये निकालने आते हैं तो उन्हें पैसा ना होने की बात कहकर टरका दिया जाता है।
भंवरपुर गांव निवासी लाभार्थी मीरादेवी ने बताया कि खाते में 2 लाख 75 हजार रुपये हैं। वह बुधवार से लगातार बैंक आ रही हैं। लेकिन शाखा में पैसा नहीं होने की बात कह उन्हें टरका दिया जाता है।
इस संबंध में शाखा प्रबंधक अनिल कुमार निगम ने बताया कि शाखा में रुपये रखने की अपनी एक सीमा है। जो कि खाताधारकों की संख्या की तुलना में काफी कम है।
सीमित राशि के चलते सबसे पहले प्राथमिकता जरूरतमंदों को दी जाती है। यदि राशि बचती है तो योजना लाभार्थियों को पैसा दिया जाता है। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल शीघ्र ही समाप्त होने वाला है।
जल्दी से जल्दी लाभार्थियों के खाते से रकम की निकासी हो रही है और हंगामा करने वाले सभी केवल लाभार्थी ही हैं। उन्होंने कानपुर मुख्य शाखा में ज्यादा रुपये उपलब्ध कराने के लिए सूचित कर दिया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने खाताधारकों को शांत कराया।