रनियां के एक रिसॉर्ट में बाबा साहेब की जयंती कार्यक्रम के शिरकत करतीं महिला कल्याण विभाग मंत्री
- फोटो : संवाद
रनियां। नगर के विसायकपुर स्थित एक रिसॉर्ट में सोमवार को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग की मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि मोदी सरकार ने बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थ का विकास कराया है।
पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी के नेतृत्व में सोमवार को बाबा साहेब का जयंती कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। मंत्री बेबीरानी मौर्य ने कहा कि बाबा साहेब के सपनों को साकार करने के लिए बीते 10 वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान से सभी क्षेत्रों में प्रगति हुई है। उन्होंने विरासत को विकास के साथ जोड़ा है।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि समाज के चौमुखी विकास के लिए कमजोर वर्ग के लोगों का उत्थान जरूरी है। प्रदेश व केंद्र की सरकार कल्याणकारी योजनाओं के जरिये हर वर्ग को लाभ पहुंचा रही है। पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षित बनो, सुसंगठित बनो और संघर्ष करो का नारा दिया। यहां जिला पंचायत सदस्य कृष्णा गौतम, रामकृष्ण भास्कर, सुभाष संखवार, राघवेंद्र गौतम, रामसिंह कठेरिया, अंशु तिवारी, महेश तिवारी, सोनू मिश्रा आदि मौजूद रहे।