प्रधानमंत्री ने सपा में मचे घमासान पर कसा तंज
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सपा परिवार में मचे घमासान पर दो टूक कहा कि उन्हें परिवार बचाने की चिंता है और हमें प्रदेश बचाने की। मुलायम और अखिलेश सिंह यादव का नाम लिए बिना बोले कि यूपी सरकार के माफियाओं से प्रदेश और बुंदेलखंड की धरती को बचाने के लिए इस बार भाजपा की सरकार जरूरी है। वह सोमवार को महोबा पुलिस लाइंस ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
कहा कि प्रदेश में एक ऐसी पार्टी की सत्ता है, जिसने अपना परिवार बचाने के चक्कर में प्रदेश को माफियाओं के हाथों लुटने के लिए छोड़ दिया। अब सिर्फ भाजपा ही है, जो सपा और बसपा के माफियाओं को लॉकअप में डालकर यूपी का नए सिरे से विकास कर सकती है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं और महिलाओं को खास तवज्जो दी। कहा कि बाप दादाओं ने भावुकता में बहकर यूपी में बसपा और सपा की सरकार लाने की जो गलती की है, उसे वे न दोहराएं। यूपी ने प्रदेश को कई प्रधानमंत्री दिए हैं। उन्हें भी यहां की जनता ने यह सौभाग्य दिया है। अभी तक जितने प्रधानमंत्री बने हैं, उन सभी से ज्यादा काम करके दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री ने विकास के मुद़दे पर बुंदेलखंड की खराब स्थिति के लिए सपा और बसपा की सरकारों को दोषी ठहराया। कहा कि जितना भी धन केंद्र से भेजा जाता है, वह यूं ही बेकार चला जाता है। यूपी के बुंदेलखंड की तुलना उन्होेंने मध्य प्रदेश के बुुंदेलखंड से विकास के आधार पर की। कहा कि दोनों सरकारों को एक जैसी केंद्रीय सहायता दी गई लेकिन यूपी की सरकार ने पैसे का दुरुपयोग किया जबकि मध्यप्रदेश की सरकार ने सदुपयोग।