कानपुर आईआईटी के तकनीक, उद्यमिता और सांस्कृतिक महोत्सव टेककृति में शुक्रवार को वायु सेना के पराक्रम, शौर्य और आधुनिक सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया गया। हवाई पट्टी पर एयर वॉरियर ड्रिल टीम (एडब्ल्यूडीटी) सुब्रतो के जांबाजों ने मार्च पास्ट किया। जवानों ने राइफल नचाने के साथ इसे हवा में उछालकर दिखाया। यहां खड़े सेना के हेलीकॉप्टर व एयरक्रॉफ्ट को भी लोगों ने नजदीक से देखा। जवानों ने लोगों को इससे जुड़ी जानकारियां भी दीं।
आईआईटी में हुए कार्यक्रम में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत अत्याधुनिक तकनीक और रक्षा रणनीति में काफी ताकतवर है। तीनों विंग थल, वायु और नौसेना के साथ डीआरडीओ और आईआईटी जैसे संस्थानों में विकसित तकनीक से देश की सुरक्षा और मजबूत हुई है। इससे पहले दूसरे दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एयर चीफ मार्शल, संस्थान के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल, समारोह चेयरमैन प्रो. अमिताभ बंदोपाध्याय ने किया।
रक्षा क्षेत्र में प्रभावी तकनीक व हथियारों का प्रदर्शन
आईआईटी में पहली बार सभी के लिए हवाई पट्टी खोली गई। कार्यक्रम का मीडिया पार्टनर अमर उजाला है। एयर चीफ मार्शल ने छात्रों को संबोधित करने के साथ हवाई पट्टी पर आयोजित शो और विभिन्न स्टार्टअप्स व सेना की ओर से लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया। इसमें विभिन्न स्टार्टअप ने रक्षा क्षेत्र के लिए उपयोगी नवाचार दिखाए। वहीं, थल, वायु और नौ सेना ने वर्तमान में रक्षा क्षेत्र में प्रभावी तकनीक व हथियारों का प्रदर्शन किया।
हिप-हॉप नाइट में झूमे आईआईटीयन
टेककृति में दिन भर तकनीक पर चर्चा के बाद रात में म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया गया। हिप-हॉप बैंड की प्रस्तुति पर आईआईटीयंस समेत देशभर से आए छात्र-छात्राओं ने जमकर मस्ती की। वहीं, हाई-वोल्टेज म्यूजिक का सभी ने लुत्फ उठाया। शाम से शुरू हुआ संगीत का दौर देर रात तक चलता रहा।
दुश्मनों की निगरानी के साथ जंगल में आग की भयावहता भी बताता है लैपिक्स थ्री ड्रोन
प्रदर्शनी में आइंडहोवन यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी नीदरलैंड्स की टीम ने लैपिक्स थ्री ड्रोन प्रदर्शित किया है। यह ड्रोन सोलर ऊर्जा से चलता है। इसके पंखों पर सोलर पैनल लगे हैं जो इसे ईंधन देते हैं। यह ड्रोन न सिर्फ दुश्मनों की निगरानी करेगा बल्कि जंगल में फैली आग की भयावहता को भी बताएगा। अत्यधिक तेज लपटें और धुएं के कारण आग कहां तक फैली है, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। लैपिक्स थ्री ड्रोन के पंखों में एक टॉर्शन बॉक्स जोड़ा गया है। पंख हल्की और लचीली बाल्सा लकड़ी से बने हैं। इसमें प्लाईवुड और कार्बन फाइबर के हिस्से लगाए गए हैं। जो ड्रोन को आग और पानी से बचाने के साथ हल्का, मजबूत और टिकाऊ बनाता है। श्रेयांश गोयल ने बताया कि वजन और जटिलता को कम करने के लिए टेल और बॉडी में सुधार किए गए हैं।