Kanpur News: मॉक ड्रिल के दौरान सड़क पर चल रहे वाहनों को लाइट बंद कर साइड में खड़ा करना होगा। 10 स्थानों पर अग्नि सुरक्षा और तीन स्थान पर रेस्क्यू ड्रिल होगा।
युद्ध के दौरान बचाव की मॉक ड्रिल के लिए बुधवार शाम चार बजे से सायरन बजाकर तैयारी शुरू हो जाएगी। शहर के 13 स्थानों पर सायरन बजाए जाएंगे। इसमें 10 स्थानों पर अग्नि सुरक्षा और तीन स्थानों पर रेस्क्यू मॉक ड्रिल होगा। साथ ही नागरिकों को यह बताया जाएगा कि सायरन सुनने के बाद उन्हें क्या करना है और कैसे सुरक्षित रहना है।
विज्ञापन
मॉक ड्रिल के दौरान पूरे शहर में रात 9.30 बजे से 10 बजे तक ब्लैक आउट किया जाएगा। किसी भी प्रकार की रोशनी जलाना सख्त मना रहेगा। इसमें घरों में लगे इन्वर्टर, मोबाइल की फ्लैश लाइट, वाहन लाइट और मोमबत्ती आदि शामिल हैं। जो भी व्यक्ति इन निर्देशों का उल्लंघन करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
मॉक ड्रिल की तैयारी के लिए सिविल डिफेंस के 183 वॉलंटियर्स लगाए गए हैं। कर्नलगंज, ट्रांसपोर्ट नगर और पनकी में बड़ी रेस्क्यू मॉकड्रिल की जाएगी। ब्लैकआउट से तीन मिनट पहले हर थाने में सायरन बजाया जाएगा, ताकि लोग सतर्क हो जाएं। इस दौरान लाइट की कटौती नहीं होगी, लोगों को खुद जागरूकता दिखानी होगी।
विज्ञापन
Trending Videos
शाम चार बजे से शुरू होगी तैयारी
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ब्लैकआउट के लिए तैयारी शाम चार बजे सायरन बजाकर की जाएगी। रात साढ़े 9 बजे से 10 बजे तक हवाई हमले की चेतावनी प्रणाली को चेक करने के लिए ब्लैकआउट ड्रिल को पूरा किया जाएगा। रात 9.30 बजे से तीन मिनट की अवधि तक जिले में नगर निगम की ओर से संचालित पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सिविल डिफेंस के हैंडहेल्ड सिस्टम व अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों की ओर से सायरन बजाया जाएगा। इसे सुरक्षा मानकों के अनुसार तीन मिनट की अवधि में हाई व लो पिच पर बजाया जाएगा।
घर की रोशनी बाहर न आए, वाहन रोकना होगा
ब्लैकआउट के दौरान घर की लाइटों को बंद रखना होगा। इस बात पर विशेष जोर दिया गया है कि ब्लैक आउट के दौरान घर की लाइटों का प्रयोग इस तरह करना है कि रोशनी सड़क या घर से बाहर की तरफ न आए। शीशे आदि के दरवाजों पर परदा अथवा काले कागज लगा दें। यही नहीं ब्लैक आउट की अवधि के दौरान सायरन बजने पर अगर सड़क पर वाहन चला रहे हों तो गाड़ी को साइड खड़ी कर उसकी हेडलाइट बंद करनी होगी।
मॉक ड्रिल खत्म होने का भी दिया जाएगा संकेत
रात 10 बजे ब्लैकआउट की अवधि समाप्त होने के बाद तीन मिनट का सायरन फिर बजाया जाएगा। इस बार बजाए गए सायरन की आवाज ऊंची-नीची नहीं होगी। एक निरंतर आवाज तीन मिनट तक बजेगी। इससे संकेत मिलेगा कि ब्लैकआउट की अवधि समाप्त हो गई है।
बड़े गोदामों को ढंका जाएगा
ब्लैक आउट की अवधि के दौरान महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों जैसे ऑयल डिपो, खाद्यान्नों के बड़े गोदाम, विद्युत गृह, बैराज इत्यादि एवं इसी प्रकार के अन्य नागरिक सुविधा के आधारभूत ढांचे को इस प्रकार से ढंका जाएगा, जिससे उनकी पहचान न हो सके। साथ ही शासकीय भवन, निजी प्रतिष्ठानों के बाहर लगे साइन बोर्ड, फसाड लाइटें भी बंद रहेंगी।
आज ब्लैक आउट में बंद रहेंगी 1.35 लाख स्ट्रीट लाइटें
शहर में ब्लैक आउट के दौरान बुधवार को रात 09:30 से दस बजे तक शहर की एक लाख 35 हजार स्ट्रीट लाइटें बंद रहेंगी। इसके लिए नगर निगम के मार्ग प्रकाश विभाग ने तैयारी कर ली है। विभाग के मुख्य अभियंता आरके पाल ने बताया कि हालांकि, अभी तक प्रशासन की तरफ से लिखित आदेश नहीं आया है लेकिन विभाग इसके लिए तैयार है। आदेश आने के बाद तय समय पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर सभी स्ट्रीट लाइटें बंद कराई जाएंगी और समय पूरा होने पर इनके स्विच ऑन कराए जाएंगे।