बीएसएनएल ने अंदरखाने में शुरू की तैयारियां, वित्तीय वर्ष के अंत तक अधिकृत रूप से होगी घोषणा
- अन्य सर्किल के नंबर को जारी रखने के लिए नहीं उठाना होगा अनावश्यक रोमिंग का खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
कानपुर।
मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (एमएनपी) के दायरे को किसी एक सर्किल से बढ़ाकर
अब देश भर में लागू करने की तैयारी की जा रही है। बीएसएनएल के आला प्रबंधन
में इस मुद्दे को लेकर बैठकों का दौर जारी है, माना जा रहा है कि इस
वित्तीय वर्ष के अंत तक इस सुविधा की विधिवत घोषणा कर दी जाएगी। इससे वे
लोग जो अपने परमानेंट नंबर को चलाने के लिए रोमिंग शुल्क दे रहे हैं,
उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
अभी तक यदि लखनऊ का कोई व्यक्ति कानपुर आता है
और अपने नंबर को यहां किसी अन्य नेटवर्क में पोर्ट कराना चाहता है तो यह
संभव हो जाता है, क्योंकि वह ईस्ट यूपी के सर्किल में ही एमएनपी की सुविधा
ले रहा है। मगर अगर राजस्थान से कोई व्यक्ति कानपुर आता है और अपना नंबर
यहां के सर्किल में पोर्ट नहीं करा सकता है। यदि उसे अपना पुराना नंबर
सक्रिय रखना है तो रोमिंग का शुल्क देना होगा। मगर अब बीएसएनएल देश के किसी
भी सर्किल में नंबर पोर्टेबिलिटी की सुविधा देने जा रहा है। इसके तहत कोई
व्यक्ति किसी भी शहर में जाकर अपना नंबर वहां मौजूद कंपनियों में पोर्ट करा
सकता है। बीएसएनएल के एक अधिकारी की मानें तो इस मुद्दे पर आला प्रबंधन
स्तर की ओर से सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। बस कुछ तैयारियां की जानी
बाकी हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण यह है कि यदि किसी सर्किल का ऑपरेटर दूसरे
सर्किल में अपनी सेवाएं नहीं दे रहा है तो उसके नंबर को कैसे पोर्ट किया
जाएगा। इसके अलावा इस सुविधा के लिए शुल्क कितना देना होगा। इन तैयारियों
के पूरा होने के बाद इसे लांच किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस वित्तीय
वर्ष के अंत तक इसकी घोषणा की जाएगी।
-----------------------------
अभी
लिखित रूप से कोई जानकारी नहीं दी गई है, इसलिए कुछ बताना संभव नहीं है।
मुख्यालय से इस फैसले की घोषणा होने के बाद ही इसे देश भर में लागू किया
जाएगा।
राणा अशोक कुमार, महाप्रबंधक (बीएसएनएल)