विधायक श्याम प्रकाश व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री
- फोटो : अमर उजाला
मामला यूपी के हरदोई जिले का है जहां हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए नरेश अग्रवाल को लेकर फेसबुक वार छिड़ा था। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री के लिए फेसबुक पर हालिया बयानबाजी से खड़े हुए तूफान के बाद शुक्रवार को एक विद्यालय के वार्षिकोत्सव के दौरान क्षेत्रीय विधायक श्याम प्रकाश व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री एक मंच पर मुस्कराते हुए नजर आए।
अपनी बेबाकी के लिए चर्चाओं में रहने वाले विधायक श्याम प्रकाश ने गत दिवस अपने फेसबुक एकाउंट पर एक पोस्ट डाल कर जिलाध्यक्ष शास्त्री और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए नरेश अग्रवाल की तुलना हिटलर से करते हुए दोनों के आचरण पर टिप्पणी की थी। हालांकि उनकी इस टिप्पणी पर जिलाध्यक्ष शास्त्री ने कोई रद्देअमल जाहिर नहीं किया था।
बाद में नई पोस्ट के माध्यम से विधायक ने मीडिया से अपने हर सामान्य कमेंट को शास्त्री से नहीं जोड़ने की अनुरोध करते हुए स्पष्ट किया था। मैने शास्त्री जी की व्यक्तिगत कार्यशैली पर टिप्पड़ी की थी। किन्तु फिर भी उन्होंने बड़प्पन दिखाकर मुझे छोटे भाई का स्नेह प्रदान किया। मै उनके इस बड़प्पन को प्रणाम करता हूं।
इस प्रकरण के बाद शनिवार को जिले में यह पहला मौका था जब दोनों नेता (श्याम प्रकाश- श्रीकृष्ण शास्त्री) एक साथ मंच साझा करते नजर आए हों। विधायक के बदले सुर और आचरण को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर चला। यह बात दीगर है कि अपने भाषणों में दोनों नेताओं में से किसी ने भी हालिया घटनाक्रम का कोई तजकिरा नहीं किया।