मल्लावां में पालिकाध्यक्ष और विधायक समर्थकों के बीच हुई थी फायरिंग
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई के मल्लावां में पालिकाध्यक्ष और विधायक समर्थकों के बीच फायरिंग के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामला सियासी रंग लेता हुआ नजर आ रहा है। इस मामले में आज पालिकाध्यक्ष की भाभी ने न्याय न मिलने पर मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह की धमकी भी दी है।
बिलग्राम मल्लावां के भाजपा विधायक आशीष सिंह आशू ने सोमवार शाम सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। विधायक आशीष सिंह आशू ने अमर उजाला को बताया कि उन्होंने पूरे प्रकरण से मुख्यमंत्री को अवगत करा दिया है।
एक विशेष साजिश के तहत उन्हें फंसाए जाने के बारे में भी मुख्यमंत्री को जानकारी दे दी है। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें पूरा प्रकरण लिखकर देने की बात कहते हुए कमेटी बनाकर विशेष जांच कराने के प्रति आश्वस्त किया है।
इस्तीफे की पेशकश के सवाल पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात को गंभीरता से सुना है। विधायक ने कहा कि इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं उठता। वह पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं और पार्टी के निर्देशों का पालन करेंगे।