प्रभारी से जानकारी लेते चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत
- फोटो : अमर उजाला
कृषि बीज भंडार से करीब 100 बोरी चने का बीज पिकअप से कुलपहाड़ क्षेत्र में भेजे जाने की सूचना पर बुधवार देर शाम भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत मौके पर पहुंच गए। बीज ले जाने के बारे में अधिकारी का आदेश न दिखाए जाने पर विधायक ने नाराजगी जताई और मामले की जानकारी कृषि विभाग के अधिकारियों को दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
विधायक के मौके पर पहुंचने पर चालक राजाराम व प्रभारी सोनू सिंह यादव निवासी पनवाड़ी को बुलाया गया। प्रभारी ने बताया कि बीज कुलपहाड़ भेजा जा रहा है लेकिन वह किसी अधिकारी का आदेश नहीं दिखा सके। इस पर विधायक ने प्रभारी पर किसानों के हितों की अनदेखी और दलाली करने का आरोप लगाया। वायरल वीडियो में विधायक नाराजगी जताते हुए कह रहे हैं कि क्या तुम अखिलेश यादव से मिले हो, सपा के एजेंट हो।
लोगों से कहा कि इसे लहंगा, चुनरी और जूतों की माला पहनाओ। किसानों को लूटते हो, दलाली करते हो। इसके बाद विधायक ने उपकृषि निदेशक रामसजीवन को फोन किया तो उन्होंने बीज भेजने का कोई आदेश जारी करने से इन्कार किया। किसानों ने भी पिकअप में करीब 100 बोरी बीज होने की बात कही। विधायक ने मोबाइल की जांच करने के बाद पुलिस और अधिकारियों को सूचना दी। उधर, उपकृषि निदेशक का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।