विधायकों का लोहिया आवासों में कोटा तय
अब हर विधायक अपने इलाके के दस गरीब लोगों को सरकारी घर दे सकता है। शासन ने उनका कोटा तय कर दिया है। बांदा में चार विधायक और एक एमएलसी के प्रस्ताव पर डीआरडीए 50 लोहिया आवास गरीबों को आवंटित करेंगे। इस वर्ष चयनित 28 लोहिया गांवों के लिए 700 लोहिया आवासों की पहली किस्त 9.62 करोड़ रुपये लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है।
शासन ने वर्ष 2016-17 के लिए जिले में 700 लोहिया आवासों का आवंटन किया है। इसमें 552 आवास लोहिया समग्र विकास के लिए चयनित गांवों में बनवाए जाएंगे। 357 आवास सामान्य श्रेणी के लाभार्थियों को और 123 दलितों को व 72 आवास अल्पसंख्यक गरीबों को मिलेंगे। 148 आवास गरीबों को दिए जाएंगे। इनमें 10 आवास विधायक कोटे के होंगे। बांदा में चारों विधानसभाओं के प्रतिनिधि और एमएलसी द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने पर डीआरडीए जरूरतमंद गरीबों को आवास देगा। डीएम कोटे से 20 आवास आवंटित किए जाएंगे। शासन ने लोहिया आवासों के लिए नौ करोड़ 62 लाख 5 हजार रुपये जारी किए हैं। इसमें से सात करोड़ 59 लाख रुपये इस साल चयनित लोहिया गांवों में खर्च होंगे। पहली किस्त में प्रति लाभार्थी एक लाख 37 हजार 500 रुपये दिए गए हैं। यह धनराशि चयनित लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है। नरैनी ब्लाक में सबसे ज्यादा 188 आवास मिले हैं।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना प्रबंधक आरके मिश्रा ने कहा कि लोहिया आवासों के लिए नोडल अधिकारियों की जांच टीम गठित की गई है। आवास में पहली किस्त खर्च करने के बाद ही दूसरी किस्त जारी होगी। चयनित 552 लाभार्थियों के खातों में आवास का पैसा भेजा गया है।