शनिवार देर रात अकेले घूमता मिला था 8 साल का मासूम
घटना शनिवार देर रात की है। सरसौल चौकी प्रभारी अतुल सिंह को गश्त के दौरान सूचना मिली कि क्षेत्र में एक करीब आठ वर्ष का छोटा बच्चा अकेला घूम रहा है और काफी डरा-सहमा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्चे को दुलारते हुए सुरक्षित चौकी लेकर आई। चौकी में लाकर पुलिसकर्मियों ने पहले बच्चे को पानी पिलाया और उसे शांत कराया। जब उससे घर का पता पूछा गया, तो वह ठीक से कुछ बता नहीं पा रहा था। इसके बाद एसआई अतुल सिंह और उनकी टीम ने हार नहीं मानी। बच्चे से मिली टूटी-फूटी जानकारियों के आधार पर पुलिस ने सोशल मीडिया और मोबाइल नेटवर्क के जरिए अथक प्रयास शुरू किए। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और बच्चे के परिजनों का सुराग मिल गया।
पिता की डांट से क्षुब्ध होकर छोड़ा था घर
परिजनों से संपर्क होने के बाद रविवार शाम को बच्चे की मां शोभा देवी और पिता पवन कुमार लोधी (निवासी बहलोलपुर, जनपद फतेहपुर) आनन-फानन में सरसौल चौकी पहुंचे। जैसे ही मां-बाप ने अपने कलेजे के टुकड़े को देखा, वे उसे गले लगाकर रो पड़े। वहीं, एक महीने से अपनों से दूर भटक रहा बच्चा भी माता-पिता को देखकर खुशी से भावुक हो उठा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले पिता ने किसी बात पर बच्चे को डांट दिया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर वह घर से बिना बताए निकल गया था। इसके बाद वह रास्ता भटकते हुए फतेहपुर से कानपुर के सरसौल इलाके में पहुंच गया। परिवार पिछले एक महीने से उसे हर जगह ढूंढ रहा था, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल रहा था।
दरोगा ने जेब से खरीदे कपड़े, दिया घर लौटने का किराया
इस मिलाप के दौरान जब सरसौल चौकी प्रभारी एसआई अतुल सिंह को पता चला कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है, तो उनका दिल पसीज गया। उन्होंने तत्काल मानवता की मिसाल पेश करते हुए अपनी जेब से बच्चे के लिए नए कपड़े और चप्पलें मंगवाईं। इसके बाद पूरे परिवार को भरपेट भोजन कराया गया। इतना ही नहीं, दरोगा अतुल सिंह ने इस गरीब परिवार को फतेहपुर वापस लौटने के लिए अपनी तरफ से वाहन का किराया भी दिया। पुलिस की इस अभूतपूर्व मदद और दरियादिली को देखकर पीड़ित परिवार भावुक हो गया और उन्होंने हाथ जोड़कर सरसौल चौकी पुलिस का बार-बार आभार व्यक्त किया।