इटावा जिले के सैफई थाने में तैनात एक सिपाही पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी सिपाही तीन साल से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। अब शादी से आरोपी ने मना कर दिया।
शनिवार को पीड़ित महिला ने अपना दर्द एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह के सामने बयां किया। इस पर एसपी ने सीओ सैफई को मामले की जांच सौंपी, लेकिन देर शाम एसएसपी के आदेश पर आरोपी सिपाही के खिलाफ सैफई थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
एसएसपी ने आरोपी सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कर दिया है। सैफई थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती दोपहर में एसपी ग्रामीण के दफ्तर पहुंची। उसने एसपी को बताया कि उसकी शादी आठ साल पहले हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही उसे पति ने घर से निकाल दिया था।
इसके बाद से वह मायके में रह रही है। महिला का आरोप है सैफई थाने में तैनात सिपाही संजय यादव ने गांव में गश्त के दौरान उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। उसने शादी का झांसा देकर उसे भिंड मध्यप्रदेश के गोहद में एक मकान में ले जाकर रख दिया।